भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस बेवजह आरोप लगा रही है, जबकि यह पूरी प्रक्रिया चुनाव आयोग संचालित कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अगर थोड़ी भी समझ है, तो उसे पता होना चाहिए कि इसमें भाजपा का कोई रोल नहीं है। कांग्रेस के पास खुद बूथ और BLA नहीं हैं, इसलिए वह ड्रामा कर रही है और अपने पाप छुपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर हमले कर रही है। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का एक ही मत बन गया है जो स्टेटमेंट पाकिस्तान में दिया जाता है, दूसरा दिन वही राहुल गांधी भारत में दे देते हैं या जो राहुल गांधी यहां कहते हैं, दूसरे दिन वही पाकिस्तान में कहा जाता है। कुल मिलाकर कांग्रेस पाकिस्तान की भाषा बोल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी लोकतंत्र और संविधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी साधा निशाना
रामेश्वर शर्मा ने किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस के प्रदर्शन को भी दिखावटी करार दिया। उन्होंने कहा कांग्रेस अपना चेहरा हिंदुस्तान को नहीं दिखा सकती। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने किसी एक भी गांव में पुलिया-सड़क बनाई हो तो बताएं। गांवों में सड़कें भाजपा के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पहुंचाईं।
यह भी पढ़ें-
नगरपालिका संशोधन विधेयक पारित,अब अध्यक्षों के लिए सीधे होंगे चुनाव
कांग्रेस ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया
शर्मा ने आगे कहा कि देश के करोड़ों किसानों को सम्मान निधि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी। खाद और बीज में सब्सिडी भाजपा सरकार ने दी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से किसानों को बड़ा लाभ मिला। मध्य प्रदेश में सोलर प्लांट लगाने वाले किसानों को 90% सब्सिडी दी जा रही है। किसानों को भावांतर और MSP पर खरीदी भी भाजपा सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल घड़ियाली आंसू बहाती है। कांग्रेस ने ही किसानों पर लाठी चलवाई, जेल में डाला और बेदखल किया था। आज डॉ. मोहन यादव की सरकार किसानों के खेत से लेकर फसल तक हर जिम्मेदारी निभा रही है।