फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP Weather Today: मध्य प्रदेश में आग उगल रहा मौसम, 40 जिलों में लू का कहर, दोपहर में घरों में रहने की सलाह

Fri, 15 May 2026 07:26 AM IST
Sandeep Kumar Tiwari न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल

सार

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और लू ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के करीब 40 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और देवास में तीव्र लू और वॉर्म नाइट की चेतावनी दी गई है। 
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है।आंधी-बारिश का दौर थमते ही प्रदेश के ज्यादातर जिले भीषण गर्मी और लू की गिरफ्त में आ गए हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक तेज गर्मी और गर्म हवाओं का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को करीब 40 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है, जबकि मालवा-निमाड़ क्षेत्र के कई जिलों में हालात ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सबसे ज्यादा गर्मी महसूस होगी। लोगों को बिना जरूरत घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। खासतौर पर इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और देवास में 15 से 17 मई तक तीव्र लू का असर रहने की संभावना जताई गई है। नर्मदापुरम, रायसेन, सीहोर, हरदा और झाबुआ में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।
विज्ञापन


9 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार
प्रदेश में गुरुवार को कई शहरों में तापमान ने रिकॉर्ड तोड़े। शाजापुर और नौगांव सबसे गर्म रहे, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा खरगोन में 44.6 डिग्री, खंडवा और रतलाम में 44.5 डिग्री, खजुराहो में 44.3 डिग्री और रायसेन-दमोह में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।बड़े शहरों की बात करें तो उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया। भोपाल में 43.4 डिग्री, जबलपुर में 43.3 डिग्री, इंदौर में 43 डिग्री और ग्वालियर में 41.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

रात में भी नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास और धार में ‘वॉर्म नाइट’ का अलर्ट भी जारी किया है। यानी रात के समय भी तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा और लोगों को उमस व गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, विदिशा, सागर, सीहोर, राजगढ़, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, मंदसौर, नीमच, छतरपुर, सतना, रीवा और सिंगरौली समेत कई जिलों में दिनभर गर्म हवाएं चलने का अनुमान है। जबलपुर, कटनी, उमरिया, शहडोल, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा और बैतूल जैसे जिलों में तेज गर्मी तो रहेगी, लेकिन फिलहाल लू का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
विज्ञापन


बारिश के बाद अचानक बदला मौसम
प्रदेश में अप्रैल के आखिरी सप्ताह से लेकर मई के शुरुआती दिनों तक लगातार आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का दौर चला। 14 दिनों में से 12 दिन मौसम बदला रहा, लेकिन अब सिस्टम कमजोर पड़ने के बाद गर्मी ने तेजी से असर दिखाना शुरू कर दिया है। फिलहाल मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहीं भी बारिश की संभावना नहीं जताई है।
विज्ञापन


बचाव के लिए मौसम विभाग की सलाह
- दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें
- ज्यादा देर धूप में रहने से बचें
- हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें
- बच्चे और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें
- दोपहर 12 से 3 बजे के बीच जरूरी होने पर ही बाहर निकलें


 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें