मध्य प्रदेश के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है जहां मार्च की शुरुआती 2 दिन में प्रदेश के कई जिलों का तापमान 35 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया, वहीं कुछ जगह हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से प्रदेश के मौसम में थोड़ा बदलाव आ सकता है। जिससे मार्च में पहली बार दिन-रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस और टर्फ की वजह से सोमवार से ऐसा मौसम रह सकता है। भोपाल समेत कुछ जिलों में बादल छा सकते है, जबकि ग्वालियर-चंबल में तेज धूप खिली रहेगी।
15 मार्च के बाद 40 डिग्री पार पहुंचेगा पारा
मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि मार्च में बारिश के सामान्य से कम होने के संकेत मिल रहे हैं। वहीं, तापमान के सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। प्रदेश में मार्च से ही हीट वेव यानी लू भी चलेगी। 15 मार्च के बाद जब शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचेगा, तब गर्म हवा का असर देखने को मिलेगा। मार्च से गर्मी के सीजन की शुरुआत हो जाती है। अगले 4 महीने तेज गर्मी पड़ेगी। मौसम विभाग ने मार्च से मई तक 15 से 20 दिन तक हीट वेव चलने का अनुमान जताया है। अप्रैल-मई में हीट वेव का असर ज्यादा हो सकता है। इस कारण 30 से 35 दिन तक गर्म हवा चल सकती है।
दिन का पारा 35 पार
मार्च के शुरुआती 2 दिन में दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली है। प्रदेश के पांच शहरों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। जबकि रात में 20 डिग्री से अधिक है। हालांकि, शनिवार-रविवार की रात में पारे में गिरावट देखने को मिली है। सोमवार से फिर पारा लुढ़कने लगेगा।