मध्य प्रदेश में नौ दिन की देरी से पहुंचा मानसून अब पूरे प्रदेश में सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक अधिकांश जिलों में तेज बारिश होगी। सीजन में पहली बार खंडवा और हरदा के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। लगातार सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश के साथ जलभराव और नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका है।
दो जिलों में रेड, 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार खंडवा और हरदा में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है। इसके अलावा धार, बड़वानी, खरगोन, देवास, बुरहानपुर और बैतूल में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं रतलाम, उज्जैन, राजगढ़, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर समेत 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।
पूरे प्रदेश में मानसून, फिर भी 38 जिले बारिश में पिछड़े
मानसून ने भले ही पूरे मध्य प्रदेश को कवर कर लिया हो, लेकिन बारिश का वितरण अब भी असमान बना हुआ है। प्रदेश के 38 जिलों में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। दूसरी ओर भोपाल, इंदौर और देवास सहित 15 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज हुई है। देवास में अब तक सबसे ज्यादा करीब साढ़े 10 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि भोपाल और इंदौर भी आठ इंच से अधिक बारिश वाले जिलों में शामिल हैं।
जून की कमी जुलाई में पूरी होने की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार जून में अपेक्षा से कम बारिश हुई, लेकिन जुलाई में मानसून पूरी ताकत के साथ सक्रिय रहेगा। प्रदेश की कुल मानसूनी बारिश का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा जुलाई में ही होता है। ऐसे में आने वाले दिनों की बारिश जून की कमी को काफी हद तक पूरा कर सकती है।
यह भी पढ़ें-भोपाल समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, अगले चार दिन प्रदेशभर में तेज बारिश का दौर
अब तक 23 प्रतिशत कम बारिश दर्ज
प्रदेश में अब तक औसतन 113.1 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 147.7 मिमी मानी जाती है। यानी इस सीजन में अब तक करीब 23 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की कमी सबसे अधिक है, जबकि पश्चिमी हिस्से में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें-दतिया उपचुनाव का ऐलान होते ही गरमाई सियासतः सिंघार बोले-जल्दबाजी में उपचुनाव कराकर सीट कब्जाना चाहती है भाजपा
अगले चार दिन रहें सतर्क
मौसम विभाग ने लोगों को अगले चार दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में नदी-नालों से दूरी बनाए रखने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।