प्रदेश में बर्फीली हवाओं का असर कम हो गया है। इससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। प्रदेश में दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जबकि रात में 23.2 डिग्री हो गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 मार्च से तेज गर्मी पड़ सकती है, पारा 40 डिग्री से ऊपर जा सकता है।
सोमवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन-ग्वालियर संभाग में दिन का तापमान 1 से 4 डिग्री तक बढ़ गया। धार और रतलाम सबसे गर्म रहे। दोनों जिलों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया। नर्मदापुरम, मंडला-शिवपुरी में भी पारा उछला है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन-रात के तापमान में और बढ़ोतरी होगी।
अधिकतम तापमान वाले शहर
शहर अधिकतम तापमान
रतलाम 38 डिग्री
धार 38 डिग्री
उज्जैन 37 डिग्री
सिवनी 37 डिग्री
मंडला 37 डिग्री
छह डिग्री पर पहुंच गया था पारा
बर्फीली हवा चलने से मार्च की शुरुआत में प्रदेश में चार दिन तक कड़ाके की ठंड पड़ी। इससे भोपाल समेत कई शहरों में पिछले 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया। कई शहर में शीतलहर चली, जबकि रात का पारा 6 डिग्री तक पहुंच गया। राजगढ़, शाजापुर, उमरिया, मंडला, नौगांव और मलाजखंड जैसे छोटे शहर सबसे ठंडे रहे, लेकिन अब पारे में बढ़ोतरी होने लगी है। बर्फीली हवा का असर घटने से ऐसा हो रहा है। इस कारण रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है।
इस सप्ताह ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में रात का तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक होगा जबकि गुजरात के ऊपर साइक्लोनिक सकुर्लेशन सिस्टम की वजह से भोपाल, जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल, ग्वालियर और चंबल संभाग में तापमान सामान्य 15-17 डिग्री तक रहेगा। वहीं, अधिकतम तापमान इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में सामान्य से ज्यादा रहेगा। भोपाल, नर्मदापुरम, रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग में यह सामान्य 31-34 डिग्री सेल्सियस पर बना रहेगा। इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है। पश्चिमी और दक्षिणी हिस्से में बादल जरूर छाए रहेंगे।