मध्य प्रदेश में जहां एक बार फिर से कड़ाके की ठंड शुरू होने वाली है। वहीं ठंड के पहले कई जिलों में हल्की बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है। कल से प्रदेश के कई जिलों में बारिश शुरू होगी। राजधानी भोपाल पचमढ़ी समेत कई जिलों के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। एक दिन पहले ही राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर पहुंच गया था। लेकिन शनिवार-रविवार की रात भोपाल का तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पचमढ़ी का तापमान प्रदेश में सबसे कम रहा यहां का न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस कारण होगी बारिश
मौसम विभाग की मानें तो 23 दिसंबर से प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। इससे भोपाल, इंदौर-जबलपुर के साथ उज्जैन और ग्वालियर संभाग भी भींगेंगे। ऐसा वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के एक्टिव होने से होगा।रविवार सुबह ग्वालियर, जबलपुर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, कटनी, सागर, दमोह, सीधी और सिंगरौली में कोहरा रहा। भोपाल में धुंध देखने को मिली। वही दिन में धूप खिली रही। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि 23 दिसंबर से बारिश का दौर रहेगा। पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश होगी। इस वजह से दिन-रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी और हो जाएगी, लेकिन सिस्टम के गुजरने के बाद सर्दी फिर से तेज हो जाएगी।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान
शहर न्यूनतम तापमान
पचमंढ़ी 3.9
खजुराहो 5.6
रीवा 5.8
ग्वालियर 7.3
भोपाल 7.9
इंदौर 13.9
जबलपुर 8.5
जनवरी से ज्यादा ठंड दिसंबर
इस सीजन में दिसंबर महीने में ही ठंड रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। स्थिति यह रही कि पूरे प्रदेश में जनवरी से भी ठंडा दिसंबर रहा। भोपाल समेत कई शहरों में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिए। 9 दिन से शीतलहर चली। भोपाल में दिसंबर की सर्दी ने 58 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत कई जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई है, जबकि भोपाल के वन विहार नेशनल पार्क में जानवरों को सर्दी से बचाने के लिए हीटर लगाए गए हैं।