प्रदेश में बढ़ते तापमान से गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, अब गर्मी के बीच प्रदेश में मौसम फिर से करवट ले रहा है, रविवार को राजधानी भोपाल में दिन में बादल छाए शाम को कहीं-कहीं बूंदा-बांदी भी हुई। इंदौर में भी सुबह कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। वहीं, प्रदेश के ज्यादातर जिलों के तापमान में दो डिग्री से ज्यादा की गिरावट आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 मार्च को भी दिन-रात के पारे में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होगी। वहीं, 18 और 19 मार्च को जबलपुर, नर्मदापुरम, इंदौर, भोपाल, शहडोल और ग्वालियर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
खासकर 19 मार्च को पूर्वी हिस्सा भीगेगा। प्रदेश के कई शहरों में दिन का तापमान 39 डिग्री के पार पहुंच चुका है। रातें भी गर्म हैं। हालांकि, पिछले 3 दिन से प्रदेश के कुछ शहरों में मौसम बदला हुआ है। कहीं, हल्की बारिश हो रही है तो कहीं तेज गर्मी है, लेकिन अगले दो दिन में पूरे प्रदेश में तापमान में गिरावट होगी।
अधिकतम तापमान वाले शहर
शहर अधिकतम तापमान
नर्मदापुरम 37.8
खरगोन 37.6
खंडवा 37.5
रतलाम 37.2
सिवनी 37.5
साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम एक्टिव
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम एक्टिव है। इस वजह से शनिवार को झाबुआ, रतलाम, भिंड, मुरैना, पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ में कहीं बादल छाए तो कहीं बूंदाबांदी हुई। यह सिस्टम लौट जाएगा। इससे दो दिन तक पारे में गिरावट होगी, लेकिन 18-19 मार्च को फिर से नया सिस्टम एक्टिव होगा, जो बारिश करा सकता है। 18-19 मार्च को मौसम विभाग ने कई शहरों में मौसम के बदलने की संभावना जताई है।
कहीं-कहीं बौछारें गिरीं, कहीं तपन
मौसम विभाग के अनुसार, 14 मार्च को मुरैना, भिंड में हल्की बारिश हुई। 15 मार्च को भिंड में बूंदाबांदी दर्ज की गई। वहीं, 16 मार्च को झाबुआ, रतलाम, भिंड, मुरैना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ में कहीं-कहीं बौछारें गिरीं और बादल छाए रहे। राजधानी भोपाल में भी दिन में बादल देखने को मिले। बाकी शहरों में आसमान साफ रहा और गर्मी का असर देखा गया। दूसरी ओर, नर्मदापुरम में 39.8 डिग्री, खजुराहो में 39.6 डिग्री, मंडला में 39.3 डिग्री, रतलाम-दमोह में पारा 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।