मध्यप्रदेश में इस बार नवंबर की शुरुआत से ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बीती रात भोपाल और इंदौर में पारा 6.4 डिग्री तक दर्ज हुआ, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रहा। अगर पारा 0.3 डिग्री और गिरता है तो 30 नवंबर 1941 का 6.1 डिग्री का रिकॉर्ड टूट सकता है। इंदौर में भी तापमान 6.4 डिग्री दर्ज हुआ, जो पिछले 25 वर्षों में नवंबर की सबसे ठंडी रात है। प्रदेश के अन्य शहरों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जबलपुर में 8.5 डिग्री, उज्जैन में 10.5 डिग्री और ग्वालियर में 10.1 डिग्री तापमान रहा। राजगढ़ सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 6 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
एमपी के शहरों का न्यूनतम तापमान
राजगढ़ 6.0 डिग्री
भोपाल 6.4 डिग्री
इंदौर 6.4 डिग्री
उमरिया- 7.3 डिग्री
रीवा 7.4 डिग्री
नौगांव: 7.6 डिग्री
मंडला: 8.8 डिग्री
शिवपुरी 9 डिग्री
छिंदवाड़ा 9.2 डिग्री
दमोह 9.6 डिग्री
बैतूल 9.7 डिग्री
इन जिलों में तीन दिन चलेगी शीतलहर
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक शीतलहर के हालात बने रहेंगे। भोपाल, इंदौर, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सीहोर, शिवपुरी, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, रीवा, उमरिया, शहडोल, जबलपुर, डिंडौरी और अनूपपुर में कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की गई है।
यह भी पढ़ें
-सर्द हवाओं से कांप रहा मध्यप्रदेश, MP में पहली बार पारा 6.5 डिग्री तक गिरा, राजगढ़ सबसे ठंडा
ठंड तेज होने की वजह
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में हो रही बर्फबारी का सीधा असर मध्यप्रदेश पर दिख रहा है। उत्तरी हवाओं के लगातार सक्रिय रहने से रातें बेहद सर्द हो रही हैं। हालांकि दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल जाती है। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कई जिलों में शीतलहर और अति शीतलहर की स्थिति बनी। अगले तीन दिन भी स्थिति ऐसी ही रहने की संभावना है। इसके बाद हल्की राहत मिल सकती है।
यह भी पढ़ें-
इज्तिमा में मौलाना सईद बोले-मस्जिदों से दूर हो रहे मुसलमान, बे-नमाजी बढ़ना सबसे बड़ा नुकसान
नवंबर की शुरुआत में ही ठिठुरन
पिछले एक दशक से नवंबर में ठंड के साथ बारिश का ट्रेंड देखा जा रहा है। इस बार भी मौसम का यही मिजाज रहा, लेकिन ठंड सामान्य से पहले दस्तक दे गई। अक्टूबर महीने में भी बारिश ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया और 2.8 इंच बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 121% अधिक है। भोपाल में 30 अक्टूबर को दिन का तापमान 24 डिग्री पहुंचा, जो पिछले 25 साल में अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन माना गया। उज्जैन, छतरपुर और नरसिंहपुर सहित कई शहरों में पारा 24 डिग्री से नीचे ही रहा।