मानसून द्रोणिका मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों पर तीन मौसम प्रणालियां भी बनी हुई हैं। इस कारण लगातार प्रदेश में बारिश हो रही है। मंगलवार को भोपाल समेत 25 जिलों में बारिश हुई। बालाघाट में सबसे ज्यादा पौने 2 इंच बारिश हुई। सीधी में सवा इंच, श्योपुर-सिवनी में 1 इंच, बैतूल, शिवपुरी-मंडला में पौन इंच और पचमढ़ी, छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर में आधा इंच पानी गिरा।
इन जिलों में भी हुई बारिश
मंगलवार को दतिया, गुना, नर्मदापुरम, छतरपुर, रायसेन, जबलपुर, रीवा, टीकमगढ़, उमरिया, मऊगंज, शाजापुर, आगर-मालवा, देवास, सीहोर समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा। प्रदेश का सबसे ऊंचा झरना बहुती जलप्रपात में पानी आ गया है। ये झरना मऊगंज जिले में है। इसकी ऊंचाई 198 मीटर है। यहां पर्यटक भी पहुंचने लगे हैं। लगातार बारिश से विजयपुर में क्वारी नदी उफान पर है। इससे निचली बस्तियों में पानी भरने का खतरा है।
जुलाई में भी होगी अच्छी बारिश
मौसम विभाग की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि इस बार जून में कोटे से ज्यादा पानी गिरा है। ऐसी ही बारिश जुलाई में भी होने की उम्मीद है। अगले 4 दिन पूरे प्रदेश में तेज बारिश का दौर रहेगा, जिससे जुलाई में भी कोटे से ज्यादा बारिश हो सकती है। उन्होने बताया कि प्रदेश की सामान्य बारिश 37.3 इंच है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जिले की सामान्य बारिश 38 से 39 इंच तक है। पिछले साल प्रदेश में 44 इंच से ज्यादा पानी गिरा था।
यह भी पढ़ें-पीएम मोदी बोले- 'जन-भागीदारी से जल गंगा संवर्धन अभियान बना जन-आंदोलन', नदियां साफ होंगी; और क्या कहा?
इसलिए लगातार हो रही बारिश
मौसम विभाग की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ में एक लो प्रेशर एरिया (कम दबाव का क्षेत्र) एक्टिव हो गया है। जिसका असर अगले 1-2 दिन में एमपी में भी देखने को मिलेगा। वहीं, प्रदेश में अभी टर्फ की एक्टिविटी बनी हुई है। यह टर्फ जिन हिस्सों से गुजर रही है, वहां भारी बारिश का अलर्ट है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम भी सक्रिय है। इन सभी वजहों से मध्यप्रदेश तरबतर हो रहा है।
यह भी पढ़ें-MP में 15 दिन में 10% बारिश को कोटा पूरा, सामान्य से 2 इंच ज्यादा बारिश, भोपाल में अभी कम वर्षा
मध्य प्रदेश में अगले 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम
2 जुलाई: नीमच, मंदसौर, विदिशा, रायसेन, सागर, छतरपुर, दमोह, पन्ना, कटनी, जबलपुर, सिवनी, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट है। बाकी जिलों में भी बारिश का यलो अलर्ट है।
3 जुलाई: सीधी, सिंगरौली, कटनी, डिंडौरी, बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, शहडोल, दमोह, जबलपुर, मंडला, सिवनी, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम और बैतूल में भारी बारिश हो सकती है।
4 जुलाई: राजगढ़, सीहोर, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन,सागर, दमोह, पन्ना, मंडला और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, भोपाल, शाजापुर, देवास, गुना, अशोकनगर, विदिशा, हरदा, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सिवनी, जबलपुर, डिंडौरी, अनूपपुर, कटनी, उमरिया, शहडोल, मैहर, सतना, रीवा, मऊगंज, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भारी बारिश का यलो अलर्ट है।