भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के 45 बंगला स्थित सरकारी आवास में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोरों ने खाली पड़े सरकारी आवास का ताला तोड़कर वहां खड़ी एक्टिवा, दो गैस सिलेंडर और नल की टोटियां चोरी कर लीं। विधायक के भतीजे राजेश लोधी की शिकायत पर टीटी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, विधायक प्रीतम लोधी और उनके भतीजे राजेश लोधी 23 जुलाई को सरकारी आवास से बाहर गए थे। दोपहर करीब 12 बजे दोनों ने बंगले पर ताला लगाया और शिवपुरी चले गए। इसके बाद से आवास बंद था। करीब दो महीने बाद 30 सितंबर की रात लगभग 11 बजे राजेश लोधी बंगले पर पहुंचे। वहां पीछे की ओर का ताला टूटा हुआ मिला। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त था। जांच करने पर पता चला कि बंगले में रखी एक्टिवा और दो गैस सिलेंडर गायब हैं। इसके अलावा चोरों ने घर में लगी नल की टोटियां भी निकाल ली थीं। इसके बाद राजेश लोधी ने घटना की सूचना पुलिस को दी।