MP Samwad 2025: सीएम मोहन यादव अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भोपाल के विवादित ओवरब्रिज पर अपनी बात रखी, क्या कुछ कहा। पढ़ें पूरी खबर
भोपाल के 90 डिग्री के ओवरब्रिज के सवाल पर सीएम मोहन यादव ने अपनी बात रखते हुए कहा कि वो 2022 से बन रहा था। उन्होंने कहा कि मेरे आने के बाद तो उसका अभी लोकार्पण भी नहीं हुआ। उन्होंने आगे कहा कि अगर निर्माण में कोई भी गलती होती है तो वो दुरुस्त हो सकता है। हमने कहा कि उसे दोबारा से दुरुस्त करवाओ। सीएम मोहन यादव ने कहा कि यही तो लोकतंत्र की खूबसूरती है। लोगों ने बताया तो सुधरवा लेंगे। अगर गलती हो गई है तो उसपर काम होगा, हम भगवान तो है नहीं, इंजीनियर से गलती हो गई, ठेकेदार से गलती हो गई, अगर जिससे गलती हुई है तो उसे सजा भी दे देंगे।
भोपाल झील में चंदेरी साड़ियां खरीद सकेंगे
सीएम ने कहा कि देश में एकमात्र राज्य है, जो अगले दो साल में 50 मेडिकल कॉलेज खोलने जा रहा है। 40 साल से यूनियन कार्बाइड का कचरा पड़ा था, उसमें कोई हाथ डालने को तैयार नहीं। बीआरटीएस पर कोई फैसला नहीं हो पाया। जल गंगा संरक्षण अभियान चला है, इसके तहत शिकारों में लोग भोपाल झील में चंदेरी साड़ियां खरीद सकेंगे। भौगोलिक स्थिति से मध्य प्रदेश का बड़ा राज्य है। ऐसे में राज्य स्तर पर विमान सेवा चालू की गई है। मध्य प्रदेश में पीएम एयर एंबुलेंस की शुरुआत की गई है।
हम तो भोपाल वाले हो गए
इस बारे में लोग जानते हैं कि जो बन सका वो किया है और आगे भी यही प्रयास रहेगा। पार्टी की विचारधारा की बात करें तो गुजरात के बाद मध्य प्रदेश ये संदेश दे रहा है कि राष्ट्रवादी लोग जब सरकार चलाते हैं तो कैसी सरकार चलाते हैं और विकास के जो सूचकांक हैं, उनमें ऊपर जाते हैं। कोई चाय वाले का या आम किसान व्यक्ति अगर मुख्यमंत्री बनता है तो इससे बड़ी बात क्या होगी।बेटे की शादी से कुछ महीने पहले की बात है, जब मैं शादी की तैयारियों में लगा था, लेकिन जब पार्टी ने मुख्यमंत्री बनाया तो मैंने बेटे से कहा कि भई अब आप ही तैयारियां करो, हम तो भोपाल वाले हो गए हैं। यही हमारी पार्टी की विशेषता है।