कांग्रेस नेता चुनाभट्टी थाने में धरने पर बैठे
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पूर्व सीएम और पीसीसी चीफ कमलनाथ के आपत्तिजनक पोस्टर लगाने के मामले में कांग्रेस नेता एफआईआर कराने थाने पहुंचे। शाहपुरा क्षेत्र में लगे पोस्टर को लेकर कांग्रेस नेता चुनाभट्टी थाने पहुंचे। जहां पुलिस ने उनको अलग-अलग थाने का मामला होने से क्राइम ब्रांच में शिकायत करने जाने के लिए कहा। इस पर कांग्रेसी नेता भड़क गए और थाने में ही नारेबाजी करने लगे। इसके बाद सभी नेता थाने में ही धरने पर बैठ गए।
कांग्रेस की तरफ से पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जेपी धनोपिया, प्रकाश जैन, विभा पटेल, मोनू सक्सेना, गुड्डू चौहान, पुनीत टण्डन समेत अन्य नेता तीन बजे चुना भट्टी थाने पहुंचे। युवक कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए एफआईआर नहीं कर रही है। जांच करने और अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पोस्टर लगने से क्राइम ब्रांच में शिकायत देने के लिए कहा जा रहा है। हम अज्ञात लोगों के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे है। ताकि पुलिस मामले में जांच तो करें। इससे साफ है कि यह सब भाजपा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इशारे पर किया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस थाने में नारेबाजी की।
कांग्रेस ने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच और क्यूआर कोड की लिंक के माध्यम से पोस्टर लगाने और लगवाने वाले पर तत्काल मुकदमा तर्ज कर सख्त कार्रवाई करें। यदि पुलिस जल्द से जल्द मुकदमा दर्ज नहीं करती है तो हम उग्र प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। बता दें पूर्व सीएम कमलनाथ के खिलाफ शहर के मनीषा मार्केट, शाहपुरा पार्क, बंसल अस्पताल बस स्टाप पर आपत्तिजनक पोस्टर लगाए गए।