भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा।
- फोटो : VDSharmaBJPMP
कांग्रेस के जीएसटी को लेकर लगाए आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने प्रतिक्रिया दी। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस इस पॉलिसी पर भ्रम फैलाकर सिर्फ जनता को गुमराह ही नहीं कर रही, बल्कि देश का बहुत बड़ा नुकसान भी कर रही है। ऐसे समय में जबकि देश की अर्थव्यवस्था तेजी के साथ आगे बढ़ रही है और भारत विश्व की पांचवीं अर्थव्यवस्था से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। कांग्रेस ने जीएसटी का विरोध कर बता दिया है कि वो देश को एक आर्थिक महाशक्ति बनते हुए नहीं देखना चाहती। कांग्रेस पार्टी इसलिए भी वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) का विरोध कर रही है, क्योंकि कांग्रेस के शासनकाल में बड़े पैमाने पर कर चोरी कर देश को नुकसान पहुंचाया जा रहा था, अब नई कर प्रणाली लागू करके प्रधानमंत्री मोदी ने कर चोरी पर अंकुश लगाने का कार्य किया है।
शर्मा ने कहा कि वन नेशन, वन टैक्स पॉलिसी सभी के हित में है। इससे न देश के किसी राज्य को कोई नुकसान है और न किसी व्यक्ति के लिए यह नुकसानदायक है। इस पॉलिसी के कारण विभिन्न करों की एक जैसी व्यवस्था पूरे देश में लागू होगी, जो अंततः देश के हित में है। इस योजना से न सिर्फ कर चोरी रूकी, बल्कि देश के किसी भी हिस्से में कारोबार करना या उद्योग लगाना भी आसान हुआ है।
शर्मा ने कहा कि जीएसटी का विरोध करने वाली कांग्रेस पार्टी को यह याद रखना चाहिए कि इस तरह के टैक्स का विचार सबसे पहले कांग्रेस ने ही 2009 में दिया था। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने इसे लागू जरूर किया है, लेकिन इसके लिए सभी राज्यों की सहमति ली गई थी। इन राज्यों में कांग्रेस पार्टी और अन्य विरोधी दलों द्वारा शासित राज्य भी शामिल रहे हैं। जीएसटी के जो लाभ हैं, वह सभी राज्यों को समय पर मिल रहा है।