मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि वे सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ शिष्टाचार और गरिमा से व्यवहार करें। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने 24 अप्रैल 2025 को एक परिपत्र जारी किया है, जिसमें शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को जनप्रतिनिधियों से संवाद और मुलाकात के दौरान उचित व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी परिपत्र में कहा गया है कि जब कोई सांसद या विधायक किसी सरकारी कार्यक्रम या मुलाकात के लिए आएं, तो वर्दीधारी अधिकारी उन्हें सलामी देकर अभिवादन करें। जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए पत्रों का जवाब समय पर और अधिकारी के हस्ताक्षर के साथ भेजा जाए। यदि कोई सांसद या विधायक किसी अधिकारी से मिलने कार्यालय आएं, तो उनसे प्राथमिकता के साथ मुलाकात की जाए और उनकी बात का कानूनी तरीके से समाधान किया जाए। यदि वे किसी जनसमस्या के संदर्भ में फोन पर संपर्क करें, तो अधिकारी उन्हें ध्यान से सुनें और शिष्टतापूर्वक उत्तर दें। डीजीपी मकवाना ने कहा कि ये निर्देश पहले से जारी विभिन्न शासन परिपत्रों के अनुरूप हैं और इनका पालन हर स्तर पर सुनिश्चित किया जाए। यह कदम पुलिस और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर संवाद और सहयोग की दिशा में अहम माना जा रहा है।