मंत्रालय भवन, वल्लभ भवन, भोपाल
- फोटो : File
मध्य प्रदेश सरकार ने छह आईएएस अफसरों के तबादले किए हैं। प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। चिकित्सा शिक्षा आयुक्त जॉन किंग्सली ए.आर. को नर्मदा घाटी विकास विभाग के साथ ही जल संसाधन विभाग का सचिव बनाया गया है। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के संचालक का प्रभार अतिरिक्त रहेगा।
इसके अलावा महिला वित्त विकास निगम की प्रबंध संचालक स्वाति मीणा नायक को महिला एवं बाल विकास विभाग का सचिव बनाया गया है। पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक विभाग में वि.क.अ. सह-आयुक्त गोपालचंद्र डाड को वि.क.अ. सह-आयुक्त चिकित्सा शिक्षा विभाग बनाया गया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर सचिव रहेंगे। साथ ही वर्तमान प्रभार भी अतिरिक्त प्रभार के तौर पर उनके पास रहेगा। योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के उपसचिव अभिषेक सिंह को मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग में सचिव बनाया गया है। लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग के उपसचिव रत्नाकर झा को श्रम विभाग का अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। श्रम विभाग के उप सचिव संजय कुमार जैन को लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग में उप सचिव बनाया गया है। इसके अलावा एक अन्य आदेश में राज्य निर्वाचन आयोग में सचिव राकेश सिंह को अस्थायी तौर पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नाया गया है। उन्हें पदेन अपर सचिव, मध्य प्रदेश शासन, विधि एवं विधायी कार्य विभाग बनाया गया है।
इनकी बढ़ी जवाबदारी
- मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग की प्रमुख सचिव कल्पना श्रीवास्तव (1992) को आयुष विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया है।
- लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग के प्रमुख सचिव अनिरुद्ध मुकर्जी (1993) को परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी भोपाल में प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया है।
- श्रम विभाग के प्रमुख सचिव सचिन सिन्हा (1995) को सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया है।
- खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव (1996) को सहकारिता विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
- खनिज विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह (1997) को अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन संस्थान के सीईओ की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- नगर एवं ग्राम निवेश विभाग में वि.क.अ. सह-आयुक्त और योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश चंद गुप्ता (1998) को राज्य योजना आयोग के सदस्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
- सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के सचिव और उद्योग आयुक्त पी. नरहरि (2001) को खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
- लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर सचिव राकेश कुमार श्रीवास्तव (2009) को संचालक, भोपाल गैस त्रासदी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
- महिला एवं बाल विकास विभाग के उपसचिव मनोज पुष्प (2011) को महिला वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।