महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के बाद नारी शक्ति की कोशिशों को सलाम करने का क्रम भी जारी है। राजधानी की सामाजिक संस्था अनुनय ऐसी ही महिला विभूतियां चुनकर उनका सम्मान करती हैं। संस्था के तीसरे आयोजन में करीब 26 महिलाओं को ऊर्जस्विता सम्मान से नवाजा जाएगा। आयोजन तीन फरवरी शाम भोपाल के भारतीय होटल प्रबंधन संस्थान में होगा।
संस्था प्रमुख माही भजनी ने बताया कि सम्मान समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यरत 26 महिलाओं का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के तौर पर महिला विभूतियों का सम्मान करेंगी। आईएचएम के प्राचार्य डॉ. रोहित सरीन, प्रफुल्लित तीर्थ के पीठाधीश स्वामी मनेश्वरानंद और छत्तीसगढ़ के पीसीसीएफ (वाइल्डलाइफ) सुधीर अग्रवाल इस अवसर पर विशेष अतिथि रहेंगे। इस अवसर पर बालाघाट में सामुदायिक विकास के क्षेत्र में अपने योगदान के लिए मार्गी वॉट्स कार्टर को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। माही भजनी ने बताया कि अनुनय संस्था पिछले 14 वर्षों से गरीब एवं वंचित तबके के बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है। खासकर ऐसे बच्चों के लिए जो पन्नी बीनते हैं या भीख मांगते हैं। अब तक संस्था के सेतु सेंटरों के जरिये करीब एक हजार बच्चों को स्कूल से जोड़ा जा चुका है।
संस्था के सचिव डॉ. भट्टाचार्य ने बताया कि ऊर्जस्विता सम्मान के जरिये हमारी कोशिश समाज को दिशा देने वाली उन महिला विभूतियों का सम्मान करना है, जो अपने-अपने क्षेत्र की दिग्गज हैं और देश-दुनिया में अपना नाम कमा रही हैं।
इन विभूतियों का होगा सम्मान
डॉ. अनामिका जैन- उच्च शिक्षा ( इंदौर), डॉ. पल्लवी तिवारी- विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी (यूएस), संप्रिया पूजा- लोकनृत्य एवं गायन, (छत्तीसगढ़), डॉ. वंदना अग्रवाल -स्कूल शिक्षा (छत्तीसगढ़), ओरियल प्रिज़मैन- संरक्षण (यूके), डॉ. आरती सिन्हा- साउंड हीलर एवं वेलनेस कोच, चंद्रकला परस्ते- जनजातीय संस्कृति (डिंडोरी), प्रभाकर खलको- प्रशासन (छत्तीसगढ़), मेघा मुक्तिबोध- शिक्षा, मनीषा आनंद- मिसेज़ इंडिया, शोमिता भट्टाचार्य- पर्यावरण (इंदौर), रोली शर्मा, विपणन पेशेवर (नई दिल्ली), आशा पठानिया- सत्कार उद्योग (हरियाणा), दिव्या अत्रि- समाजसेवा, भूमिका कलम- ज्योतिष (इंदौर), अंजु तड़ियाल - कौशल विकास, दक्षा वैदकर- प्रिंट मीडिया, हुमेरा ख़ान - सामाजिक उद्यमी, श्रुति सिंह- राजनीति, विशाखा कवठेकर- आर्किटेक्ट, अर्पणा चेंडके- उद्यमी (इंदौर), दीक्षा पाटकर भदौरिया- नवाचार, आराधना मालवी- आदिम कल्याण एवं खेलकूद (बैतूल), मीरा- इंफ्लुएंसर (चीन), पूर्वा त्रिवेदी- इलेक्ट्रॉनिक मीडिया।