सीएम ने मेले में सामग्री निर्माताओं से चर्चा की
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को “स्वदेशी मेला-स्वदेशी व्यंजनों के संग” का भोपाल हाट में शुभारंभ किया। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू हुए सेवा पखवाड़े का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देना और ग्रामीण स्व-सहायता समूहों की आजीविका को मजबूत करना है। मेले में 40 स्व-सहायता समूह भाग ले रहे हैं, जिससे करीब 3,600 परिवार लाभान्वित होंगे। यहां गांव-गांव में घरों में बनी वस्तुओं को शहर के उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का प्लेटफॉर्म दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला त्यौहारों के अवसर पर विशेष महत्व रखता है और भोपाल वासी यहां स्वदेशी वस्तुओं की आत्मीयता का अनुभव कर सकेंगे। यह चार दिन चलने वाला स्वदेशी मेला न केवल त्योहारों की खरीदारी के लिए खास है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में प्रदेश की बड़ी पहल भी है।