सीएम से साउथ कोरिया के निवेशकों ने मुलाकात की
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सोमवार को मंत्रालय में साउथ कोरिया के ईसीडीएस ग्रुप के निवेशकों और शोधार्थियों ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि साउथ कोरियन ज्वाइंट वेंचर ग्रुप प्रदेश में बने बेहतर औद्योगिक वातावरण को देखते हुए से मेडिकल उपकरणों, मेडिकल एआई, नैनो टेक्नोलॉजी, बायो पॉलीमर और नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश का इच्छुक है। मुख्यमंत्री से चर्चा में प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि उनका समूह उज्जैन के मेडिकल डिवाइस पार्क में शोध और निर्माण पर केंद्रित इकाई स्थापना की दिशा में पहल कर रहा है। यह समूह CUBEBIO के साथ साझेदारी में उज्जैन मेडिकल डिवाइस पार्क में पहले चरण की परियोजना शुरू करेगा। इसका लक्ष्य यूरिन नमूने के माध्यम से प्रारंभिक चरण के कैंसर का पता लगाने वाला किट विकसित करना है।
इससे प्रारंभिक अवस्था में कैंसर की पहचान कर तत्काल इलाज आरंभ करने में मदद मिलेगी। समूह द्वारा परियोजना में 200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा। इससे लगभग 500 रोजगार के अवसर सृजित होंगे। परियोजना चिकित्सा उपकरणों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लीनटेक पर केंद्रित होगी, जबकि दूसरे चरण में इसे एविएशन और सेमीकंडक्टर क्षेत्र तक विस्तारित किया जाएगा। समूह प्रदेश में एविएशन सेमीकंडक्टर आदि क्षेत्र में भी निवेश का इच्छुक है। इसके साथ ही समूह ने कौशल उन्नयन के लिए तकनीक और विशेषज्ञता साझा करने में भी रुचि दिखाई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से डॉ. वुंग कवांग यांग, डॉ. युंगहून लिम, डॉ. सिओक किम, जोंग शिओल जंग, जेली शिओन, वू सिओक शुंग तथा राजेश भारद्वाज ने भेंट की। मुख्य सचिव अनुराग जैन, प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन राघवेन्द्र कुमार सिंह उपस्थित थे।