मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान सरकार ने शनिवार को कहा कि हमारी विकास यात्राएं निरंतर जारी है। यह केवल कर्मकांड नहीं बल्कि जनता की जिंदगी बदलने का हमारा महायज्ञ है। इसमें सिर्फ सभाएं नहीं हो रही है, बल्कि लोकार्पण-शिलान्यास के साथ ही हितग्राही मूलक योजनाओं में जोड़े गए नामों को लाभ वितरण और छूटे हुए नामों को जोड़ने का काम भी हो रहा है।
फिर पूछा कमलनाथ से सवाल
शिवराज ने कहा कि अब मुझे कांग्रेस की हालत के बारे में कुछ नहीं कहना है। वो आपस में ही कह रहे हैं। मैं जरूर जो सवाल पूछता हूं फिर यह उल्लेख करते हुए कि जनता को यह जानना जरूरी है कि वोट लेने के लिए जितनी चीजें लिखने की थी सब लिख दी गई। लेकिन जो कहा गया जो वादे किए गए वो पूरा करने के लिए कभी कदम नहीं उठाए गए। कमलनाथ जी, आपने अपने वचन पत्र में वादा किया था जैविक खेती के प्रशिक्षण, प्रमाणित बीज एवं विपणन हेतु विशेष पैकेज दिया जाएगा। विशेष पैकेज देना तो दूर वो तो जैविक खेती को ही भूल गए थे। आपने जो कहा वो आपने किया नहीं।
इंदौर को दी बधाई
शिवराज ने कहा कि मुझे आज यह बताते हुए प्रसन्नता है कि मध्यप्रदेश कई नवाचार कर रहा है। हमारे इंदौर नगर निगम ने नवाचार के तौर पर ग्रीन बॉन्ड जारी किए हैं। इंदौर नगर निगम ने तय किया कि बिजली के खर्च को कम करने के लिए नर्मदा जी का जल खरगोन जिले के जलूद से आता है, वहां सोलर पावर प्लांट लगाएंगे। पैसे की जरूरत को ग्रीन बॉन्ड जारी कर जुटाएंगे। इंदौर का ग्रीन बॉन्ड जारी हुआ और ढाई घंटे में ही ओवर प्राइस हो गया। पहले दिन लगभग 650 करोड़ से ज्यादा के बॉन्ड भरे गए। अभी दो दिन और शेष हैं। जरूरत थी 244 करोड़ रुपये की। 305 करोड़ रुपये में यह पूरा पावर प्लांट लगेगा। इंदौर और विशेषकर मध्यप्रदेश में हम हरित क्रांति के लिए काम कर रहे हैं, उस पर विश्वास कर लोगों ने बॉन्ड भरे हैं।