राजधानी भोपाल में भीषण ठंडी पड़ रही है। पारा 5.2 डिग्री तक पहुंच गया है। लगातार गिरते तापमान और बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूल सुबह 8:30 बजे से पहले संचालित नहीं होंगे।
सभी स्कूलों में लागू होगा आदेश
आदेश में कहा गया है कि ठंड की वजह से छोटे छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है, इसलिए यह निर्णय लिया गया है। नया समय भोपाल जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, ICSE, CBSE, अनुदान प्राप्त एवं अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा।जारी आदेश कलेक्टर की मंजूरी के बाद प्रभावी हुआ है और तत्काल लागू माना जाएगा।
यह भी पढ़ें-
भोपाल में नवंबर की सबसे ठंडी रात दर्ज, 84 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, चार दिन शीतलहर का अलर्ट
आदेश का पालन सुनिश्चित करें
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे आदेश का पालन सुनिश्चित करें। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे मौसम को देखते हुए बच्चों को पर्याप्त गरम कपड़े पहनाकर भेजें। भोपाल में पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट देखी जा रही है, जिसके चलते सुबह के समय ठंड में और बढ़ोतरी हो गई है। प्रशासन का कहना है कि मौसम में सुधार तक यही व्यवस्था लागू रहेगी।