मध्य प्रदेश पटवारी भर्ती परीक्षा-2022 के चयनित अभ्यर्थियों की पहली काउंसिलिंग पूरी हो चुकी है। इसमें पहली काउंसिलिंग में नहीं आए और अपात्र अभ्यर्थियों के खाली पदों पर भर्ती के लिए दूसरी काउंसलिंग शनिवार से शुरू होगी। कर्मचारी चयन मंडल ने इसकी वेटिंग लिस्ट जारी कर दी है।
भूअभिलेख ग्वालियर आयुक्त ने सभी कलेक्टरों को पटवारी भर्ती परीक्षा-2022 के चयनित अभ्यर्थियों की दूसरी काउंसलिंग शनिवार से शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसमें पहली काउंसिलिंग में अनुपस्थित और अपात्र अभ्यर्थियों की खाली जगह पर भर्ती की जाएगी। कर्मचारी चयन मंडल ने इसकी वेटिंग लिस्ट जारी कर दी है। इसके आधार पर एमपी ऑनलाइन ने रिक्त पदों के विरुद्ध प्रतीक्षा सूची से द्वितीय काउंसिलिंग के लिए मेरिट सूची जिलों को उपलब्ध कराएगा। वहीं, भू-अभिलेख आयुक्त भी सभी जिलों को द्वितीय काउंसिलिंग के लिए मेरिट सूची जिलों को उपलब्ध कराएगा। दोनों सूची के मिलान के साथ ही काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जानकारी के अनुसार पटवारी के करीब दो हजार से ज्यादा पद खाली हैं। वहीं, कुछ जिलों में रिक्त पदों की संख्या मेरिट सूची के अभ्यर्थियों के नाम से ज्यादा है।
पटवारी भर्ती परीक्षा-2022 का रिजल्ट आने पर विवाद में पड़ गई थी। इसकी जांच के आदेश दिए गए थे, जांच कमेटी के क्लिन चिट देने के बाद भर्ती शुरू की गई है। इसमें दिव्यांग श्रेणी और अन्य छूट को लेकर कई अभ्यर्थियों का चयन हुआ। इसको लेकर शिकायत भी हुई थी। इसके बाद सरकार ने चयनित अभ्यार्थियों के दस्तावेजों का सख्ती से परीक्षण किया जा रहा है। ऐसे में अब आशंका है कि ऐसे कई अभ्यर्थी अब गड़बड़ दस्तावेज होने पर नियुक्ति से बच रहे होंगे। उनको एफआईआर होने का डर है। पहले चरण में 6700 पदों पर पटवारी की भर्ती होनी थी, लेकिन करीब 4500 पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थी पहुंचे।