भोपाल में संस्कृति बचाव मंच ने आतिशबाजी की
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल में संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान पर की गई एयर स्ट्राइक के समर्थन में जश्न मनाया। नर्मदा भवन चौराहे पर आतिशबाजी की गई और मिठाइयों का वितरण कर कार्यकर्ताओं ने भारतीय सेना और केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया। चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि भारत की सनातनी जनता अब पाकिस्तान के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई चाहती है। पाकिस्तान की सेना और सरकार लंबे समय से आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे हैं, ऐसे में अब केवल सीमित कार्रवाई नहीं, बल्कि पूरे पाकिस्तान को खत्म कर देना समय की मांग है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भारतीय सेना द्वारा नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब देश आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपना चुका है।
युवाओं, वकीलों ने भी मनाया जश्न , लगाए पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे
रोशनपुरा चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार जश्न मनाया। युवाओं में जोश देखते ही बनता था। हाथों में तिरंगा लेकर उन्होंने ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारे लगाए और देश की सेना को सलाम किया। वहीं भोपाल कोर्ट परिसर भी जश्न से गूंज उठा। वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। साथ ही ढोल की थाप पर नाचते हुए उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर था। सरोजिनी नायडू कॉलेज की छात्राएं भी इस उत्साह से अछूती नहीं रहीं। उन्होंने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और ढोल की थाप पर नाचकर सेना की इस कार्रवाई का समर्थन किया। राजधानी भोपाल में अलग-अलग स्थानों पर देश की सुरक्षा बलों के समर्थन में नागरिकों का यह उत्साह साफ तौर पर दिखा कि पूरा देश एकजुट है।