उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल बीना एक कार्यक्रम में
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में 6 जिलों में पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए सरकार को प्रस्ताव मिले हैं। अब सरकार इस पर कार्रवाई आगे बढ़ा रही है। इस पहल से ना सिर्फ अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर होगी बल्कि दूरस्त अंचलों में स्थित लोगों को पास में बेहतर इलाज की सुविधा भी मिल सकेंगी। इस बीच सागर जिले के बीना में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत आयोजित तालाब पुनर्जीवन कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल शामिल हुए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को और सशक्त बनाने की बात करते हुए कहा कि राज्य सरकार जल्द ही 3 हजार डॉक्टरों समेत 30 हजार स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती करने जा रही है। उन्होंने कहा कि जैसे कृषि विभाग ने ऊंचाई हासिल की है, वैसा ही स्वास्थ्य विभाग को भी बनाना है।
शुक्ल ने सागर कलेक्टर संदीप जी आर की पहल की सराहना करते हुए बताया कि जिले में तालाबों के चारों ओर सीमांकन और मुंडेर निर्माण कर अब तक 80 हेक्टेयर से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत रिचार्ज पिट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और खेत तालाब जैसे नवाचारों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने देश की सैन्य कार्रवाई 'ऑपरेशन सिंदूर' की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फ्री हैंड देने के बाद सेना ने उन आतंकियों पर प्रहार किया जिन्होंने भारत की बेटियों का सिंदूर उजाड़ा। उन्होंने इसे देश की अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा से जोड़ा।