भोपाल में सीएम और प्रदेश अध्यक्ष पथ संचलन में शामिल हुए, पन्ना में सांसद वीडी शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
विजयादशमी के अवसर पर राजधानी भोपाल सहित प्रदेशभर के कई शहरों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा शस्त्र पूजन और पथ संचलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी भोपाल के नेहरू नगर स्थित आयोजन में संघ कार्यकर्ता की भूमिका में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संघ की पारंपरिक गणवेश सफेद शर्ट, खाकी फुल पैंट और काली टोपी धारण की। हाथ में दंड लेकर उन्होंने पथ संचलन में भाग लिया। यह पहली बार था जब मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से संघ की वेशभूषा पहनी। कार्यक्रम में पहुंचते समय मुख्यमंत्री का काफिला छोटा और सादगीपूर्ण रहा। न तो गाड़ियों में हूटर बजाए गए और न ही लंबा काफिला दिखा। सादगीपूर्ण अंदाज में उन्होंने स्वयंसेवकों के बीच सहभागिता निभाई।