मध्य प्रदेश कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के भाई और पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह को पार्टी से निलंबित करने का प्रस्ताव मध्यप्रदेश कांग्रेस ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) को भेज दिया है।
लक्ष्मणसिंह ने राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा को लेकर भी बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि रॉबर्ट वाड्रा ने कहा था कि मुसलमानों को सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देते, इसलिए आतंकवादियों ने हमला किया। इन दोनों का ये बचपना हम कब तक झेलेंगे? राहुल गांधी भी थोड़ा सोच समझकर बात करें। इनकी नादानियों की वजह से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा था कि अगर पार्टी को मुझे निकालना है तो आज ही निकाल दे। हमारे नेताओं को सोच-समझकर बोलना चाहिए, वरना इसका खामियाजा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
कांग्रेस पार्टी ने उनके इस बयान को गंभीरता से लेते हुए 9 मई को लक्ष्मणसिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया था और 10 दिनों के भीतर जवाब देने को कहा था। हालांकि, प्राप्त जवाब को पार्टी ने असंतोषजनक माना और इसके आधार पर उनके निलंबन की सिफारिश कर दी गई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि लक्ष्मण सिंह एआईसीसी के सदस्य हैं और ऐसे में उनके निलंबन का अंतिम निर्णय केवल शीर्ष नेतृत्व ही ले सकता है।