मुरैना जिले की बंद पड़ी कैलारस शुगर मिल को दोबारा शुरू करने की तैयारी शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग ने मिल के संचालन, मरम्मत, आधुनिकीकरण और विकास के लिए निजी कंपनियों और सक्षम संस्थाओं से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) मांगी है। सरकार मिल को 30 साल की लीज पर देने की तैयारी में है। अच्छा काम करने वाली कंपनी को आगे भी लीज बढ़ाने का मौका मिल सकता है। कैलारस शुगर मिल की स्थापित क्षमता 1,250 टन गन्ना प्रतिदिन (टीसीडी) है। फिलहाल मिल बंद है। ईओआई के तहत मिल का फैक्ट्री भवन, प्लांट-मशीनरी, गोदाम, वर्कशॉप और करीब 12.86 हेक्टेयर जमीन लीज पर दी जाएगी। जमीन और दूसरी संपत्तियों की वास्तविक स्थिति का सर्वे और सीमांकन के बाद पता चलेगा। मिल कैलारस में NH-552 पर स्थित है। कैलारस रेलवे स्टेशन से इसकी दूरी भी तीन किलोमीटर से कम है। सरकार मिल को मौजूदा स्थिति के आधार पर यानी ‘जैसा है जहां है’ आधार पर लीज पर देने जा रही है।
ये भी पढ़ें-
रिश्वतखोरी मामले में CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन: CSP नेहा पच्चीसिया निलंबित, सख्त कार्रवाई के निर्देश
कंपनी को खुद करना होगा मिल का कायाकल्प
सरकार ने चीनी और इससे जुड़े उत्पाद बनाने वाली कंपनियों के साथ अन्य पात्र संस्थाओं से ईओआई मांगी है। चयनित कंपनी को मिल अपने हाथ में लेने के बाद इसके पुनरुद्धार, आधुनिकीकरण, वित्तीय व्यवस्था और दोबारा संचालन की जिम्मेदारी उठानी होगी। सरकार का मानना है कि मिल शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और गन्ना किसानों के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा।
ये भी पढ़ें-
MP News: मध्यप्रदेश में 32 IAS अफसरों के तबादले, बदले कई जिलों के सीईओ; अभिषेक चौधरी ग्वालियर ननि आयुक्त बने
31 अगस्त और 1 सितंबर को साइट विजिट
ईओआई में रुचि रखने वाली कंपनियां 31 अगस्त और 1 सितंबर 2026 को मिल का निरीक्षण कर सकेंगी। इसके लिए कम से कम दो कार्यदिवस पहले लिखित अनुरोध देना होगा। 3 सितंबर को भोपाल के विंध्याचल भवन में प्री-ईओआई बैठक होगी। इच्छुक कंपनियां अपने सवाल 7 सितंबर शाम 5 बजे तक भेज सकेंगी। सरकार की ओर से इनके जवाब 8 सितंबर को दिए जाएंगे। EOI जमा करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 शाम 5 बजे है। प्राप्त प्रस्ताव 16 सितंबर को शाम 4 बजे ऑनलाइन खोले जाएंगे। पूरी प्रकिया ऑनलाइन होगी।
ये भी पढ़ें-
MP News: 10 साल में मलेरिया 98% काबू, फिर भी नहीं थमा संक्रमण; इस वर्ष अब तक 583 केस, बालाघाट हॉटस्पॉट
मिल पर सियासत तेज, कांग्रेस का धरना, भाजपा बोली- श्रेय की राजनीति
कैलारस शुगर मिल को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर विधायक पंकज उपाध्याय आमरण अनशन पर हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मिल शुरू होने से क्षेत्र के किसानों और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। वहीं, भाजपा ने विधायक के आंदोलन को राजनीतिक बताते हुए कहा कि मिल को दोबारा शुरू करने का निर्णय सरकार पहले ही ले चुकी थी। उनको मालूम था कि निविदा आ रही है। इसलिए श्रेय लेने के लिए विधायक धरने पर बैठे।
ये भी पढ़ें-
MP News: चार राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के तबादले, अपर संचालक जनसंपर्क गणेश जायसवाल बने सीईओ बैतूल