भोपाल में धरना प्रदर्शन करते हिंदू संगठन के सदस्य
- फोटो : अमर उजाला
नाबालिग हिंदू लड़की के कथित अपहरण और मामले को लव जिहाद से जोड़ते हुए हिंदू संगठनों ने शुक्रवार को जहांगीराबाद थाने के बाहर प्रदर्शन किया। हिंदू उत्सव समिति, बजरंग दल और भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने के बाहर पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने नाबालिग की जल्द तलाश करने और आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कुरावर से नाबालिग को ले जाने का आरोप
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने आरोप लगाया कि कुरावर क्षेत्र से एक नाबालिग हिंदू लड़की को मुस्लिम युवक कथित तौर पर अपने साथ ले गया है। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि घटना की शिकायत पुलिस से किए जाने के बावजूद रात से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी को लेकर शुक्रवार को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जहांगीराबाद थाने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मामले में तेजी से कार्रवाई कर नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी पुलिस अधिकारियों के सामने रखी।
ये भी पढ़ें-
प्राइवेट पार्ट के लिए हत्या: सवा करोड़ की लालच में किशोर को मारने वाले के घर पहुंची पुलिस, तलाशे खून भरे कपड़े
थाने के बाहर धरने पर बैठे कार्यकर्ता
मामले को लेकर कार्यकर्ता थाने के बाहर बैठ गए और नारेबाजी करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन की सूचना के बाद जहांगीराबाद थाने के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाने का प्रयास किया।
पुलिस जुटा रही मामले की जानकारी
पुलिस की ओर से नाबालिग की तलाश और शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले को लव जिहाद के रूप में प्रमाणित किए जाने की कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
संगठनों ने कार्रवाई नहीं होने तक धरने की बात कही। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होने तक वे मामले पर नजर बनाए रखेंगे। संगठनों ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। थाने के बाहर प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।