शांति का टापू कहे जाने वाले मध्य प्रदेश में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन के पांव पसारने का बड़ा खुलासा हुआ है। अंतरराष्ट्रीय इस्लामिक कट्टरपंथी संगठन 'हिज्ब उत तहरीर' (एचयूटी) के 10 संदिग्ध आतंकी भोपाल में और एक छिंदवाड़ा से गिरफ्तार किया गया है। इनके अलावा तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से पांच संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार किए गए हैं। यह कार्रवाई राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और संबंधित राज्य की एटीएस द्वारा की गई। मंगलवार सुबह एनआईए और मप्र एटीएस की टीम ने प्रदेश की राजधानी भोपाल के पुराने शहर की आधा दर्जन कॉलोनियों में छापा मारकर 10 संदिग्धों को गिरफ्तार किया। एक संदिग्ध छिंदवाड़ा से भी गिरफ्तार किया गया। एनआईए की टीमों ने तेलंगाना एटीएस के साथ मिलकर हैदराबाद में छापा मारकर पांच संदिग्धों को वहां से भी गिरफ्तार किया। इस तरह देश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय इस्लामिक कट्टरपंथी संगठन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
ऐशबाग से 6 सहित 10 गिरफ्तार
एनआईए की टीम ने मप्र एटीएस के साथ मिलकर मंगलवार सुबह एक साथ छापा मारा। सबसे पहले पुलिस टीमों ने पहले से चिह्नित घरों को चारों तरफ से घेर लिया और दरवाजा खुलवाकर घर में घुसे और संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। सभी को मप्र एटीएस ने मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। आगे की जांच के लिए मामला एनआईए को सौंपा जाएगा।
भोपाल से इन्हें गिरफ्तार किया
- यासिर स्वान निवासी शाहजहांनाबाद
- सैयद सामी रिजवी निवासी हमीदिया अस्पताल के पास
- शाहरुख निवासी ऐशबाग
- मिस्बाह निवासी ऐशबाग
- शाहिद निवासी जवाहर कालोनी ऐशबाग
- सैयद दानिश अली निवासी ऐशबाग
- मेहराज निवासी बाग दिलखुशा, ऐशबाग
- खालिद हुसैन निवासी लालघाटी
- वसीम खान निवासी ऐशबाग
- मो. आलम निवासी इमामबाडा
छिंदवाड़ा से गिरफ्तार आरोपी
- अब्दुल करीम
कोर्ट ने 10 दिन की रिमांड पर सौंपा
राजधानी से पकड़े गए 10 संदिग्ध आतंकियों को भारी सुरक्षा के बीच एटीएस ने भोपाल जिला न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने एटीएस की मांग पर सभी आरोपियों को 19 मई तक उसकी रिमांड पर सौंप दिया। अब उनसे उनके संपर्कों, साजिश व प्रशिक्षण आदि के बारे में पूछताछ की जाएगी। पूछताछ में बड़े खुलासे हो सकते हैं।
आईबी के रडॉर पर एक साल से थे
मप्र एटीएस के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एचयूटी अमेरिका बेस्ट आतंकी संगठन यह है। यह पूरा काम ऑनलाइन करता है। इसकी बातचीत कोड वर्ड में होने के साथ उर्दू भाषा में भी होती है। करीब दस माह पहले एचयूटी के मध्यप्रदेश सहित देश के कई राज्यों में युवाओं के बीच तेजी से पैर पसारने की सूचना इंटेलीजेंस ब्यूरो को मिली थी। इसके बाद इन पर नजर रखी जा रही थी। भोपाल के तीनों आतंकियों के खिलाफ करीब दस माह से आईबी की नजर थी।
देश में पहली बड़ी कार्रवाई
एचयूटी आतंकी संगठन के खिलाफ जांच का जिम्मा एनआईजी को कुछ माह पहले ही दिया गया था। दिल्ली स्थित एनआईए मुख्यालय में प्राथमिकी दर्ज है, एनआईए उसकी जांच कर रही है। जांच में भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र में तीन लोग एचयूटी आतंकी संगठन से जुड़े होने के पुख्ता प्रमाण मिलने के बाद बीती रात एनआईए की टीम दिल्ली से भोपाल पहुंचे। मंगलवार सुबह एनआईए की टीम ने मप्र एटीएस की टीम के साथ भोपाल में छापामार कार्रवाई करते हुए पकड़ा है।
स्थानीय पुलिस का नहीं लिया सहयोग
एनआईए की कार्रवाई इतनी गोपनीय रखी गई कि ऐशबाग थाना पुलिस के साथ भोपाल पुलिस को भी कोई सूचना नहीं दी गई थी। सुबह 7 बजे तक पकड़े गए संदिग्ध आतंकियों के परिजन थाने पहुंचे तो पुलिस को कुछ पता नहीं था। ज्ञात हो कि बीते वर्ष 14 मार्च को एनआईए ने मप्र एटीएस के साथ ऐशबाग थाने के सामने बांग्लादेशी आतंकी संगठन जेएमबी (जमात-उल-मुजाहिदीन) बांग्लादेश के चार आतंकियों को भी इसी तरह गिरफ्तार किया था। तब भी भोपाल जिले और ऐशबाग थाना पुलिस का कोई सहयोग नहीं लिया गया था।