मध्य प्रदेश में ‘सवाल’ पर सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बयान के बाद पूर्व सीएम कमलनाथ ने निशाना साधते हुए कहा कि खरीद फरोख्त की सत्ता के कुछ माह बचे हैं। एकाध जनकल्याण का काम कर दीजिए।
पीसीसी चीफ और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रविवार को ट्वीट कर शिवराज सिंह पर पलटवार किया। कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश में कोई भी विकास कार्य ना करने की शपथ ले चुके मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी से मैं यह पूछना चाहता हूं कि आपने भाजपा की नारी शक्ति संकल्प पत्र में कृषि उपज और दूध के प्राथमिक प्रसंस्करण के लिए महिला स्वयं सहायता समूह और एफपीओ को 20 लाख रुपए तक का दीर्घकालिक ब्याज मुक्त ऋण देने का वादा किया था। क्या आप जनता के सामने तथ्य रखकर बताएंगे कि इस घोषणा पर क्या प्रगति हुई? या फिर दूध पर किए इस वादे का भी आपने दही कर दिया? कमलनाथ ने कहा कि मैं आपसे पुन: निवेदन करता हूं कि मुख्यमंत्री पद की गरिमा को पहचानिए।
कमलनाथ ने कहा कि गाल बजाना बंद कीजिए और हाथ चलाना शुरू कीजिए। जो कुछ महीने आपकी खरीद-फरोख्त की सत्ता के बचे हैं। उसमें एकाध काम तो जनकल्याण का कर दीजिए। बता दें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को अपने सवाल पर पूर्व सीएम कमलनाथ के बयान पर पलटवार किया । सीएम ने कहा कि तुम लोगों को भ्रमित करते रहो। झूठ बोलो और हम तुमसे सवाल भी ना पूछे। कमलनाथ ने सीएम के सवाल पर कहा था कि मुख्यमंत्री का काम सवाल करना नहीं होता।