भाजपा सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
कटनी का पंडित दीनदयाल उपाध्याय खेल मैदान रविवार को सांसद खेल महोत्सव का गवाह बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया और फिट युवा – विकसित भारत अभियान के तहत आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर केदार जाधव और ओलंपियन पद्मश्री सत्येंद्र लोहिया भी मौजूद थे। खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि कटनी में सांसद खेल महोत्सव की शुरुआत ऐतिहासिक है। यह आयोजन उन पारंपरिक खेलों के विकास में मील का पत्थर बनेगा, जिनमें गांव-शहर में अपार प्रतिभाएं छिपी हैं। उन्होंने लोकसभा क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटी क्रांति गौड़ का उदाहरण देकर खेलों के बढ़ते महत्व पर खुशी जताई। सांसद के प्रयासों से लगभग 75 हजार खिलाड़ी और सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थी इस आयोजन का हिस्सा बने हैं। वीडी शर्मा ने कहा कि इस मंच से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और भविष्य में यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतकर नाम रोशन करेंगे।