पूर्व आईएएस शैलेंद्र सिंह बने रेरा अध्यक्ष
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (एमपी रेरा) में लंबे समय से खाली अध्यक्ष पद पर सरकार ने नियुक्ति कर दी है। पूर्व अपर मुख्य सचिव शैलेंद्र सिंह को एमपी रेरा का नया अध्यक्ष बनाया गया है। मंगलवार को नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने आदेश जारी कर दिए। इसके साथ ही संजय गुप्ता को प्राधिकरण का सदस्य और रिटायर्ड आईएएस अधिकारी रविंद्र सिंह को रेरा अपीलीय प्राधिकरण का सदस्य नियुक्त किया गया है। शैलेंद्र सिंह प्रशासनिक सेवा में लंबे समय तक महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। उन्होंने इंदौर में अपर कलेक्टर के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली है। इसके बाद वे अपर मुख्य सचिव के पद तक पहुंचे। अब उन्हें एमपी रेरा की कमान सौंपी गई है। अध्यक्ष के तौर पर उनके सामने रियल एस्टेट प्रोजेक्ट की निगरानी, घर खरीदारों की शिकायतों का निराकरण और बिल्डर्स से जुड़े विवादों के निपटारे जैसी अहम जिम्मेदारियां होंगी।