प्रदेश में बीते एक माह से जारी भारी बारिश और बाढ़ के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 252 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 132 लोग नदी-नालों में डूबे, 60 आकाशीय बिजली की चपेट में आए, 47 की मौत भारी बारिश, और 13 लोगों की मौत दीवार, मकान या पेड़ गिरने से हुई है। इसके अलावा 432 पशु और 1200 मुर्गियों की भी जान चली गई है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अब तक 432 रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए गए, जिनमें 3628 नागरिकों और 94 मवेशियों को सुरक्षित बचाया गया है। 53 राहत शिविरों में फिलहाल 3065 लोग ठहरे हुए हैं, जिन्हें भोजन, दवाइयां और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। जानकारी के अनुसार अब तक 28.49 करोड़ रुपये की राहत राशि वितरित की जा चुकी है, जबकि कुल 3600 करोड़ रुपये की सहायता व्यवस्था की गई है। भारी बारिश के मद्देनजर एनडीआरएफ की टीमें भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और धार में तैनात हैं, वहीं एसडीआरएफ को संवेदनशील इलाकों में भेजा गया है।