पाकिस्तान और पीओके में भारतीय सेना द्वारा की गई एयर स्ट्राइक 'ऑपरेशन सिंदूर' पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का बयान सामने आया है। उन्होंने इस सैन्य कार्रवाई को देश की अस्मिता, बेटियों के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ी लड़ाई करार दिया। शर्मा ने कहा कि भारतीय सेना ने उन आतंकियों को मिट्टी में मिला दिया जिन्होंने भारत की बेटियों का सिंदूर उजाड़ा था।
विधायक शर्मा ने कहा कि देश की तीनों सेनाओं- थल सेना, जल सेना और वायु सेना ने मिलकर वह जवाब दिया है, जिसकी अपेक्षा हर भारतीय को थी। जिन आतंकियों ने धर्म पूछकर निर्दोष नागरिकों को मारा, आज उन्हें हमारी सेना ने धूल चटा दी है। यह ऑपरेशन इस बात का प्रतीक है कि अगर भारत की बेटियों का सिंदूर उजड़ता है, तो यह देश उसे दुर्गा और चंडी की शक्ति बनकर वापसी में जवाब देता है। शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत की जनता की ओर से बधाई देते हुए कहा कि यह कार्रवाई उनके संकल्प और नेतृत्व का परिणाम है। यह सिर्फ जवाबी कार्रवाई नहीं, बल्कि भारत के स्वाभिमान की लड़ाई है। यह झंडे, राष्ट्रगान और एकता की लड़ाई है,” शर्मा ने कहा।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय स्वाभिमान के क्षण में एकजुट रहें और सेना के साथ खड़े हों। शर्मा ने यह भी कहा कि जो आतंकी ठिकाने अब भी बाकी हैं, उन पर भी कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। विधायक ने ऑपरेशन सिंदूर को श्रद्धांजलि बताया उन शहीदों के लिए, जिनकी जान आतंकी हमलों में गई। “जब तक आतंकवाद का पूरी तरह खात्मा नहीं होगा, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।