राजधानी में हुई तेज बारिश के बाद छोला क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनने पर प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग बुधवार को मौके पर पहुंचे और प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड-76 की उड़िया बस्ती और सुंदर नगर का दौरा कर रहवासियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही अधिकारियों को तत्काल राहत और स्थायी समाधान के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने निर्माणाधीन नाले का काम समय पर पूरा नहीं होने और जल निकासी व्यवस्था में लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ठेकेदार और नगर निगम अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि नाले का निर्माण और जल निकासी के लिए जरूरी कार्य जल्द से जल्द पूरे किए जाएं, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान किसी भी घर में पानी न पहुंचे।