मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली से 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत' राष्ट्रीय संकल्प अभियान का वर्चुअल शुभारंभ किया। इसी कड़ी में भोपाल के मैनिट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने युवाओं और नागरिकों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब देश का युवा नशे से मुक्त रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा लोकतांत्रिक देश है और युवाओं की ऊर्जा ही देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की शक्ति उसकी युवा पीढ़ी में है। इसलिए युवाओं को अपनी क्षमता सही दिशा में लगानी चाहिए और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए।
ये भी पढ़ें-
बाघों की बढ़ती संख्या के साथ बढ़ रहा संघर्ष? MP में 6 माह में वन्यजीव ने ली 43 जान, टाइगर सबसे बड़ा 'किलर'
सीएम यादव ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इससे स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सम्मान और पारिवारिक रिश्ते सभी कमजोर हो जाते हैं। उन्होंने हाल ही की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि नशे की वजह से दो भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं बताती हैं कि नशा किस तरह परिवारों को तबाह कर देता है।
ये भी पढ़ें-
कॉमनवेल्थ गेम्स में एमपी का जलवा, यामिनी और अजय बाबू ने जीते रजत; सरकार देगी 25-25 लाख और नौकरी
नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। प्रदेश के 19 धार्मिक नगरों में शराबबंदी लागू की गई है और पुलिस ने पूरे महीने विशेष अभियान चलाकर मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज की भी बराबर भागीदारी जरूरी है।
ये भी पढ़ें-
एमपी में तेंदुओं के अंतरराज्यीय शिकारी गिरोह का भंडाफोड़: 10 तेंदुओं के शिकार का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार
नशे के खिलाफ चलेगा जनआंदोलन
उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रदेश में डाकुओं और नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाए गए, उसी तरह अब नशे के खिलाफ भी व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई कि वे किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे, दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे और स्वस्थ, जागरूक तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।