प्रदेश में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को लेकर सरकार बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। इसके तहत 8 से 14 अप्रैल तक सभी जिलों में विभिन्न समारोह आयोजित किए जाएंगे। इस श्रृंखला का राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम भिंड जिले में आयोजित होगा। इससे पहले मध्यप्रदेश सरकार के गृह विभाग ने बंदियों को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती (14 अप्रैल) के अवसर पर 87 आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदियों को समय से पहले रिहा किया जाएगा। वहीं, 7 अन्य बंदियों को उनकी सजा में विशेष छूट देने का निर्णय लिया गया है। गृह विभाग द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक, अच्छे आचरण वाले बंदियों को वर्ष में पांच महत्वपूर्ण अवसरों पर सजा में छूट या समयपूर्व रिहाई दी जाती है। इनमें 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस), 14 अप्रैल (अंबेडकर जयंती), 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस), 2 अक्टूबर (महात्मा गांधी जयंती) और 15 नवंबर (राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस) शामिल हैं।