सीएम डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विदेशी निवेश को बढ़ावा देने के प्रयासों को गति मिलती दिख रही है। सीएम के यूरोप दौरे के बाद अब जर्मनी की पांच अग्रणी टेक कंपनियों के पदाधिकारी 18 से 22 अगस्त तक मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे। यह दौरा मध्य प्रदेश ग्लोबल स्टार्टअप एक्सचेंज कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य व्यापार, नवाचार और तकनीकी सहयोग को बढ़ाना है।
ये भी पढ़ें-
MP News: नकली कीटनाशक से सोयाबीन बर्बाद, शिवराज ने दिए कार्रवाई के निर्देश, ICAR की टीम करेगी निरीक्षण
इस दौरे से मध्य प्रदेश और जर्मनी के बीच रणनीतिक साझेदारी मजबूत होगी। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसे क्षेत्रों में नए अवसर खुलेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह दौरा मध्य प्रदेश के लिए नवाचार और रोजगार के नए रास्ते खोलेगा। हमारे स्टार्टअप्स और उद्यमी वैश्विक बाजार तक पहुंच सकेंगे। प्रतिनिधिमंडल में टाइलर्स, टैलोनिक, स्टेएक्स, क्यू-नेक्ट-एजी और क्लाउड-स्क्विड जैसी कंपनियों के विशेषज्ञ शामिल हैं, जो एआई, डेटा एनालिटिक्स, वर्कफ्लो ऑटोमेशन और आईटी सॉल्यूशंस में माहिर हैं। ये कंपनियां मध्य प्रदेश के युवाओं और स्टार्टअप्स को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेंगी।
ये भी पढ़ें-
ओबीसी पर सियासत भरपूर,पर आधी आबादी को अधूरा नेतृत्व, पिछड़ों को जिलों की कमान देने में BJP-कांग्रेस दोनों पीछे
इंदौर-उज्जैन (18-20 अगस्त): प्रतिनिधिमंडल इंदौर में इनफोबीन्स मुख्यालय में तकनीकी कार्यशालाओं, डिजाइन थिंकिंग वर्कशॉप और बी2बी बैठकों में हिस्सा लेगा। वे आईआईटी इंदौर और उज्जैन के इनक्यूबेशन सेंटर का दौरा करेंगे, जहां स्थानीय स्टार्टअप्स से चर्चा होगी। सांस्कृतिक भ्रमण भी आयोजित होगा।
भोपाल (21-22 अगस्त): भोपाल में “इंवेस्ट इन एमपी” राउंडटेबल, उद्योग विभाग के साथ बैठकें और बी-नेस्ट इनक्यूबेशन सेंटर का दौरा होगा। तकनीकी सहयोग और निवेश के लिए समझौते किए जाएंगे। यह आयोजन इंक्यूबेशन मास्टर्स, जर्मनी-इंडिया इनोवेशन कॉरिडोर और एमपीआईडीसी के सहयोग से हो रहा है। इससे हजारों युवाओं के लिए रोजगार, अनुसंधान केंद्रों की स्थापना और वैश्विक प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे। भविष्य में अमेरिका, सिंगापुर और यूएई जैसे देशों के साथ भी ऐसे आयोजन होंगे। यह मध्य प्रदेश को भारत का टेक्नोलॉजी हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।