विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही आरोप-प्रत्यारोप तेज होते जा रहे हैं। इसी क्रम में चुनावी हिंदू कहने पर पूर्व सीएम और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बयान कि कमलनाथ के पास मोहिनी मंत्र है और इस चुनाव में उनका तिलिस्म टूट जाएगा, पर भी पलटवार किया।
कमलनाथ ने कहा कि भाजपाई आजकल मेरी आस्था और विश्वास की ज्यादा चिंता करते हैं। नए नए शब्द गढ़ रहे हैं, चुनावी पूजा, चुनावी भक्ति, पॉलिटिकल पाखंड और कमलनाथ का तिलिस्म तोड़ने का दंभ भर रहे हैं। भाजपाइयों के दिलो–दिमाग में कमलनाथ के अलावा कुछ नहीं आता। उन्होंने कहा कि सरकार, उसके नुमाइंदे और भाजपाई मेरा नाम जपना छोड़ के, जनता का नाम जपें, जनता की भक्ति करें। देश में जनता ही जनार्दन है।
जनता के हित में ये तिलिस्म तोड़ें
कमलनाथ ने कहा कि जनता के हित में भाजपाई सरकार से अनुरोध है कि महंगाई का तिलिस्म तोड़ें, बेरोजगारी का तिलिस्म तोड़ें, भ्रष्टाचार का तिलिस्म तोड़ें, भर्ती घोटालों का तिलिस्म तोड़ें, 50% कमीशन का तिलिस्म तोड़ें, महिला अपराध का तिलिस्म तोड़ें।