मध्य प्रदेश सरकार के 2025-26 के बजट को लेकर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने गुरुवार को विषय विशेषज्ञों से चर्चा की। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि मध्य प्रदेश बजट 2025-26 में विभिन्न क्षेत्रों के विषय-विशेषज्ञों और हितधारकों से प्राप्त सुझावों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने यह बात आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित बजट संवाद कार्यक्रम में कही। वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित किया जाए और अगला बजट संवाद उसी दिशा में एक कदम होगा।
देवड़ा ने कहा कि वर्ष 2025-26 का बजट न केवल बेहतर बल्कि जनोपयोगी होगा। उन्होंने बताया कि बजट पर संवाद के दौरान विशेषज्ञों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं, जिनसे विभिन्न क्षेत्रों में और काम करने की संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार का बजट प्रदेशवासियों के लिए लाभकारी होगा। उन्होंने सभी विषय-विशेषज्ञों से अनुरोध किया कि वे अपने सुझाव लिखित रूप में भी प्रदान करें। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि संवाद का आयोजन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सुभाष चंद्र बोस की जयंती, गणतंत्र दिवस से दो दिन पहले और प्रयागराज में चल रहे कुंभ के समय पर हो रहा है, जो एक ऐतिहासिक संयोग है। यह संवाद प्रदेश के विकास के लिए दूरगामी सकारात्मक परिणाम लाएगा।
बजट संवाद में विभिन्न विषय-विशेषज्ञों ने राज्य की आर्थिक स्थिति और विकास को लेकर कई सुझाव दिए। नाबार्ड के उप महाप्रबंधक सुशील कुमार ने किसानों की सुविधा के लिए मंडियों को ग्रामीण क्षेत्रों के पास लाने का सुझाव दिया, जबकि मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक के चेयरमेन आर.सी. बेहरा ने ऑर्गेनिक फार्मिंग को बढ़ावा देने की बात की। फिल्म प्रोड्यूसर नरेन कुमार ने स्थानीय व्यवस्था को मजबूत करने का सुझाव दिया, जिससे मध्यप्रदेश में फिल्म उद्योग को लाभ मिल सके।
वित्त विभाग के सचिव लोकेश जाटव ने कहा कि बजट को अंतिम रूप दिया जा रहा है और इसमें नए आयाम देखने को मिलेंगे। प्रमुख सचिव वित्त मनीष रस्तोगी, अपर सचिव रोहित सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और विशेषज्ञ भी इस संवाद में शामिल हुए। इस कार्यक्रम का आयोजन बजट संवाद को जनोपयोगी बनाने के उद्देश्य से किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों और हितधारकों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।