मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। इस बार स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् का गरिमापूर्ण गायन होगा। प्रदेश के राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सभी जिलों में लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों में हुए विकास कार्यों की जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री मंत्रालय में कैबिनेअ की बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस दिन देश के विभाजन के दौरान विस्थापन का दर्द झेलने वाले और जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने को कहा।
ये भी पढ़ें-
MP News: राहुल पर सीएम यादव का तीखा हमला,बोले- संसद की कार्यवाही बाधित कर रहे, झारखंड के मामले में चुप क्यों?
18 अगस्त से शुरू होगा समरसता अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि संत रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर मध्यप्रदेश में 18 अगस्त से राज्यस्तरीय समरसता अभियान शुरू होगा। इसके बाद 20 अगस्त को सभी मंत्री अपने-अपने जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। समरसता कलश रथ यात्रा प्रदेश के हर जिले में पहुंचेगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इसमें अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
ये भी पढ़ें-
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल बोले-राहुल गांधी संसद में चर्चा से भाग रहे, सरकार हर सवाल का जवाब देने को तैयार
दो महीने बाद भोपाल से शारजाह की सीधी उड़ान
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश को चार नए शहरों से हवाई कनेक्टिविटी मिली है। भोपाल से रीवा और पटना, जबकि जबलपुर से कोलकाता और रीवा से कोलकाता के बीच नए हवाई रूट शुरू हुए हैं। उन्होंने कहा कि करीब दो महीने बाद भोपाल से सीधे शारजाह के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होगी। इससे पहले इंदौर से अबुधाबी की विमान सेवा शुरू हो चुकी है। इसके बाद मध्यप्रदेश से दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान प्रदेश में जबलपुर, ग्वालियर, भोपाल और इंदौर में क्रमश: 1930, 1933, 1940 और 1948 में एयरपोर्ट शुरू हुए थे। आजादी के बाद हवाई सेवाओं के विस्तार पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में दतिया, रीवा और सतना में तीन नए एयरपोर्ट का लोकार्पण हुआ। उज्जैन और शिवपुरी में दो नए एयरपोर्ट बनाने को मंजूरी मिल चुकी है। अब प्रदेश में पांच और नए एयरपोर्ट बनाए जाएंगे।
ये भी पढ़ें-
MP: भोपाल-विदिशा मार्ग अब होगा फोरलेन, कैबिनेट ने 1,757 करोड़ मंजूर किए, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 44,515 करोड़
होमस्टे से युवाओं को रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई होमस्टे व्यवस्था के अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। होमस्टे में आठ कमरे तक किराये पर दिए जा सकते हैं और बिजली का बिल भी कमर्शियल दर से नहीं लिया जाता। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।