भाजपा का झंडा (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : ANI
मध्य प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर बीते पांच महीनों से सस्पेंस बना हुआ है। पार्टी कार्यकर्ता और संगठन से जुड़े पदाधिकारी इस सवाल का जवाब जानना चाहते हैं कि आखिर यह चुनाव कब होगा। हालांकि, अब संकेत मिल रहे हैं कि 16 जून के बाद चुनाव कार्यक्रम की घोषणा हो सकती है। दरअसल, जनवरी में पार्टी ने प्रदेश के सभी 60 संगठनात्मक जिलों में जिला अध्यक्षों की घोषणा कर दी थी। बूथ, मंडल और जिला स्तर के चुनाव पूरे हो चुके हैं। पहले दावा किया गया था कि फरवरी में प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा, लेकिन अलग-अलग कारणों से इसे लगातार टाल दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव न हो पाने के पीछे राष्ट्रीय स्तर की कुछ बड़ी वजहें सामने आई हैं। इस दौरान दिल्ली विधानसभा चुनाव और फिर पहलगाम में हुए आतंकी हमले की वजह से पार्टी का पूरा ध्यान अन्य मुद्दों पर केंद्रित हो गया। साथ ही, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर संगठनात्मक प्रक्रिया भी लंबी खिंच गई, जिससे प्रदेशों के चुनाव टलते गए।