मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कंवेंशन सेंटर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के 7832 टॉपर विद्यार्थियों को स्कूटी का तोहफा देंगे। यह स्कूटी योजना उन छात्र-छात्राओं के लिए है, जिन्होंने शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों की 12वीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप और पिछड़ा वर्ग व अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश में यह योजना शैक्षणिक सत्र 2022-23 से लागू है। इसके तहत प्रत्येक शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल से एक टॉपर छात्र और एक टॉपर छात्रा को स्कूटी प्रदान की जाती है। केवल बालिका विद्यालय में एक टॉपर बालिका को और बालक विद्यालय में एक टॉपर बालक को चुना जाता है। इसी आधार पर वर्ष 2024-25 के लिए 7832 टॉपर छात्रों को स्कूटी राशि दी जाएगी।