सीएम ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि चंद्रशेखर आजाद का जीवन देशभक्ति, साहस और बलिदान की सबसे बड़ी मिसाल है। उन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपना जीवन कुर्बान कर दिया, लेकिन कभी अंग्रेजों के हाथ नहीं आए। यह सच्चा देशप्रेम है। मुख्यमंत्री बुधवार को चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती पर अलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आज़ाद नगर (भाभरा) में आयोजित “स्मरण-आजाद” कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। इस अवसर पर वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद एक आम परिवार में जन्मे थे, लेकिन उन्होंने असाधारण काम किए। उन्होंने ब्रिटिश शासन को हिला देने वाली क्रांति का नेतृत्व किया। उनका नाम आज भी देशभक्ति की प्रेरणा देता है। जब वे काशी में असहयोग आंदोलन में भाग लेने के कारण गिरफ्तार हुए, तब न्यायालय में उन्होंने अपना नाम 'आज़ाद', पिता का नाम 'स्वतंत्रता' और पता 'जेल' बताया था। यह उनके मजबूत आत्मबल और विचारधारा का परिचायक था।