मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हितग्राहियों के खाते में ट्रांसफर की राशि
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंग्रामपुर में कैबिनेट के बाद लाड़ली बहनों के खाते में सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि जारी की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने दमोह के लिए कई घोषणाएं भी की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 5.47 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया गया। रानीदुर्गावती की 500वीं जयंती के अवसर पर दमोह जिले के सिंग्रामपुर में कैबिनेट का आयोजन किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1.29 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1574 करोड़ रुपए की राशि जारी की। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 55 लाख से अधिक हितग्राहियों को 332.72 करोड़ रुपए की राशि और 24 लाख से अधिक बहनों को 450 रुपए में गैस रीफिल योजना के तहत 28 करोड़ रुपए की राशि जारी की। त्यौहारों को देखते हुए सीएम ने राशि पहले जारी की है। सिंग्रामपुर में कैबिनेट के बाद लाड़ली बहनों से संवाद करने को लेकर कार्यक्रम का आयोजन रखा था। इसमें लाड़ली बहना, महिला पंच, सरपंच, स्व सहायता समूह, वन समिति की महिला समिति की सदस्य शामिल हुई। मुख्यमंत्री ने महिलाओं का फूलों से स्वागत किया। वहीं, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 5.47 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के प्रति हमारी सरकार की वचनबद्धता सर्वोपरि हैं।
दमोह को पयर्टन केंद्र के रूप में विकसित होगा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। दमोह को पर्यटन केंद्र बनाने से लेकर रानी दुर्गावती की प्राचीन राजधानी सिंग्रामपुर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार करने तक योजनाओं का उद्देश्य राज्य की जनता को समृद्धि और बेहतर जीवन देने के लिए तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने दमोह को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का एलान किया। इस कदम से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
सिंग्रामपुर में स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण
वीरांगना रानी दुर्गावती की प्राचीन राजधानी सिंग्रामपुर में एक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की घोषणा की गई, जो इस क्षेत्र के निवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करेगा।
सीएम राइज स्कूल दूसरे चरण में बनाए जाएंगे
मुख्यमंत्री ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से सीएम राइज स्कूलों के दूसरे चरण के निर्माण की घोषणा की। इससे राज्य के बच्चों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दमोह क्षेत्र में हाई मास्क और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की जाएगी, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा और सुविधा में सुधार होगा।
रानी दुर्गावती मंगल भवन का निर्माण
रानी दुर्गावती की स्मृति में एक मंगल भवन का निर्माण किया जाएगा, जिससे सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए स्टाफ डेम और चेक डेम बनाने की घोषणा की, जिससे जल संकट की समस्या का समाधान होगा और खेती के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा।
रानी दमयंती संग्रहालय की स्थापना
दमोह में रानी दमयंती संग्रहालय बनाने की घोषणा की गई, जो ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक होगा। मुख्यमंत्री ने विजयदशमी पर्व पर शस्त्र पूजन की भारतीय परंपरा का महत्व बताया और घोषणा की कि मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधिगण विभिन्न स्थानों पर शस्त्र पूजन करेंगे।