भाजपा कार्यालय में वंदे मातरम स्पमरण दिवस पर कार्यक्रम
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में भारत माता को पुष्पांजलि अर्पित कर ‘वंदे मातरम @150’ अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने स्वदेशी का संकल्प सामूहिक रूप से दिलाया। वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह हमारी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह गीत हमें आजादी का महत्व समझाता है और पूरे देश को एक माला में पिरोने का काम करता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मौके पर कहा कि आज हम सब वंदे मातरम गीत की 150वीं वर्षगांठ का उत्सव मना रहे हैं। यह वही गीत है, जिसके मूल मंत्र के साथ हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने आजादी की लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम ने पूरे देश को एकजुट किया और स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद जब राष्ट्रगीत को अपनाने की बात आई, तब कांग्रेस ने देश को दिग्भ्रमित करने और बांटने का काम किया। उन्होंने कहा कि “हमारी सनातन संस्कृति ने भारत को सदैव सशक्त और एकजुट किया है। यही संस्कृति हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर, राजेन्द्र सिंह राजपूत, राजो मालवीय, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, अजा मोर्चा के प्रदेश पकंज टेकाम, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, वरिष्ठ नेत्री सीमासिंह जादौन, पूर्व विधायक धु्रवनारायण सिंह, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।