मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ रहा है। आज प्रस्तुत आर्थिक सर्वेक्षण समावेशी विकास के महत्व पर बल देता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं सर्वेक्षण को समावेशी विकास का प्रतीक बताया है, जिसमें किसानों, एमएसएमई, युवाओं के लिए रोजगार और समाज कल्याण पर विशेष ध्यान दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार वर्ष 2025-26 में 7.4% ग्रास डोमेस्टिक प्रोडक्ट (सकल घरेलू उत्पाद) एवं 7.3% ग्रास वेल्यू एडेड (सकल मूल्य वर्धित) वृद्धि दर के साथ भारत विश्व में लगातार चौथे वर्ष सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना हुआ है। भारत की यह पहचान विश्व स्तर पर बनी है, जो प्रशंसनीय है।