मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि 14 अगस्त को बलराम जयंती और 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी प्रदेशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण और उनके बड़े भ्राता बलराम की लोककल्याणकारी गाथाओं से संबंधित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर हलधर महोत्सव एवं लीला पुरुषोत्तम प्रकटोत्सव की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि पूरे प्रदेश में गरिमामय और सुसंगठित रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक संस्थाओं का सहयोग लेकर कार्यक्रमों को प्रभावी बनाया जाए।