मध्य प्रदेश बीजेपी मुख्यालय भोपाल
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश बीजेपी भोपाल में स्थित मुख्यालय को तोड़कर दिल्ली की तर्ज पर नई हाईटेक बिल्डिंग बना रही है। इस कार्यालय को तोड़ने का काम नए साल में अगले सप्ताह से शुरू होगा। जिसमें 6 माह का समय लग जाएगा। ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी का नया कार्यालय तैयार नहीं हो पाएगा। अब बीजेपी की 2023 विधानसभा चुनाव की रणनीति पुराने अस्थायी काय्रालय में ही तैयार होगी।
बीजेपी की मौजूदा बिल्डिंग में कार्यालय और कमर्शियल कॉम्पलेक्स बना है। अगले सप्ताह से कार्यालय की बिल्डिंग गिराने का काम शुरू होगा। इसके बाद कॉम्पलेक्स की बिल्डिंग तोड़ी जाएगी। इन्हें गिराने में विस्फोटक का उपयोग नहीं किया जाएगा। यही कारण है कि दोनों बिल्डिंग गिराने और उसे समतल करने करीब 6 महीने का समय लग जाएगा।
यह होगा खास- नए हाईटेक बिल्डिंग को मध्य प्रदेश की थीम पर तैयार करने की बात कही जा रही है। इसको लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की सहमति भी मिल गई है। नए बिल्डिंग में मोर्चा पदाधिकारियों के कार्यालय के साथ ही आधुनिक सभा कक्ष, सेमिनार हॉल, आधुनिक स्टूडियो होंगे। साथ ही पदाधिकारियों और वीआईपी के रहने के इंतजाम भी होगे। इसके अलावा जिन जिलों में पार्टी के कार्यालय नहीं बने है, वहां पर भी कार्यालयों का निर्माण जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए है।
6 चुनाव में तीन में मिली हार
मौजूदा पंडित दीनदयाल उपाध्याय बिल्डिंग में बीजेपी कार्यालय 1992 से संचालित है। इसके बाद से बीजेपी ने यहां पर 6 विधानसभा चुनाव लड़े। इनमें बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने 3-3 चुनाव जीते। बीजेपी को 1993, 1998 और 2018 के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।