मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में किसानों को दिलाई पार्टी की सदस्यता
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के अंतर्गत रविवार को किसान सदस्यता दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेशभर में बड़ी संख्या में किसानों को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न स्थानों पर हिस्सा लिया और किसानों को पार्टी से जोड़ा।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन के मक्सी रोड स्थित बूथ क्रमांक 82 पर किसानों को मिस कॉल के माध्यम से भाजपा का सदस्य बनाया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यह संगठन पर्व देश को समृद्ध और शक्तिशाली बनाने का अभियान है। हम भाजपा कार्यकर्ता सेवा के उद्देश्य से राजनीति करते हैं। सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं। हमें मध्य प्रदेश में डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला है, जिसे पूरा करना हमारा कर्तव्य है।
भाजपा का संगठन अभियान देश को समृद्ध बनाने के लिए
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने इंदौर ग्रामीण क्षेत्र के सांवेर विधानसभा में किसानों को सदस्यता दिलाते हुए कहा कि यह संगठन अभियान केवल संख्या बढ़ाने का अभियान नहीं है, बल्कि भारत को विकसित और समृद्ध राष्ट्र बनाने के लिए है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हम इस महाभियान का हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश भाजपा संगठन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां के कार्यकर्ता दिए गए प्रत्येक लक्ष्य को पूरा करने में सफल रहते हैं।
किसानों के हितों के लिए भाजपा का योगदान अतुलनीय
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने धार, इंदौर ग्रामीण और महू में किसान सदस्यता दिवस के अंतर्गत किसानों को भाजपा से जोड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक मजबूती प्रदान करने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रदेश के 80 लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत हर साल छह हजार रुपये मिल रहे हैं। भाजपा किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
संगठन पर्व से देश को मजबूत बनाने का आह्वान
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण का कार्य तीव्र गति से हो रहा है। हमें संगठन पर्व को जन-जन तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ना है। सभी कार्यकर्ताओं को अगले 10 दिनों में संगठन पर्व के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिदिन 25 नए सदस्य बनाने का संकल्प लेना चाहिए।