दतिया से भाजपा प्रत्याशी रहे आशुतोष तिवारी
- फोटो : अमर उजाला
दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भाजपा में समीक्षा का दौर शुरू हो गया है। पार्टी प्रत्याशी रहे आशुतोष तिवारी ने हार के कारणों को लेकर कहा कि पूरी स्थिति की जांच पार्टी की समीक्षा समिति करेगी। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की भूमिका पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कौन कितना जिम्मेदार है, इसका फैसला भी जांच समिति ही करेगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे आशुतोष तिवारी ने मीडिया से चर्चा में कहा कि पार्टी चुनाव में कांग्रेस की रणनीति को पूरी तरह समझ नहीं सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सुनियोजित तरीके से चुनाव लड़ा और भाजपा उसकी रणनीति को समय रहते नहीं भांप पाई। उन्होंने कहा कि अगर अनजाने में पार्टी के कुछ लोग भी उस रणनीति का हिस्सा बने हैं तो उनकी भी पहचान की जाएगी और पूरी समीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि हार के बावजूद भाजपा का वोट प्रतिशत पहले से बेहतर रहा है और 2023 के विधानसभा चुनाव की तुलना में हार का अंतर भी कम हुआ है। इसे उन्होंने सकारात्मक पक्ष बताते हुए कहा कि जनता का आशीर्वाद पहले से अधिक मिला है और वह आगे भी क्षेत्र की सेवा करते रहेंगे।